रेलवे बोर्ड ने कानपुर सेंट्रल और दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच यात्रियों की मांग को देखते हुए नई दैनिक रात्रिकालीन मेल एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। हाथरस जंक्शन स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव तय किया गया है, जिससे जिले के अलावा आसपास के ग्रामीण अंचल के लोग भी इससे लाभ उठा सकेंगे।
गाड़ी संख्या 14153/14154 के रूप में संचालित होने वाली यह नई ट्रेन कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों के लिए एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी। समय-सारिणी के अनुसार यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से प्रतिदिन रात 8:40 बजे प्रस्थान करेगी और मार्ग के हाथरस जंक्शन सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए अगली सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
यात्रा में कुल आठ घंटे 10 मिनट का समय लगेगा। वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार टर्मिनल से प्रतिदिन रात 11:25 बजे रवाना होगी और अगली सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। यह वापसी में 428 किलोमीटर का सफर ठीक आठ घंटे में पूरा करेगी।
इन आठ प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
428 किलोमीटर लंबे इस व्यस्ततम रेल गलियारे पर दोनों दिशाओं में यह नई ट्रेन कुल आठ प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इनमें फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस जंक्शन, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद शामिल हैं। हाथरस जंक्शन पर ठहराव मिलने से स्थानीय यात्रियों को रात में बैठकर सुबह तड़के दिल्ली पहुंचने और वहां से अपना जरूरी कामकाज निपटाकर रात में वापसी करने की सीधी सुविधा मिल सकेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से प्रयागराज-कानपुर-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों में चल रही सीट की किल्लत और वेटिंग लिस्ट से भी बड़ी राहत मिलेगी।