इस परियोजना के पूरा होने पर न केवल जनपद, बल्कि प्रदेश और अन्य राज्यों के निवेशकों को भी उद्योग स्थापित करने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हाथरस के सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र का विकास बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस पर मुख्यमंत्री की भी निगाह है। सीईओ यूपीसीडा विजय किरन आनंद की ओर से भी बड़े निवेश के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही सलेमपुर में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और सभी सुविधाओं से युक्त औद्योगिक क्षेत्र जिले को मिलेगा, जहां निवेश के बड़े अवसर भी निवेशकों को मिलेंगे।-श्याम गोपाल, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीसीडा, अलीगढ़।
कई आकार के काटे गए हैं औद्योगिक प्लाॅट
सलेमपुर में कई आकार के औद्योगिक प्लाॅट काटे गए हैं। इसमें सबसे छोटा प्लाॅट 450 वर्गमीटर का है। इसके बाद 750 वर्ग मीटर, 1000, दो हजार और 20 हजार वर्ग मीटर के प्लाॅट उपलब्ध होंगे। उद्योगपतियों की आवश्यकता व परियोजना के हिसाब से उन्हें भूमि का आवंटन किया जाएगा। इन भूमि की दरों को जल्द ही गजट करा कर सामने लाया जाएगा। माना जा रहा है कि 3495 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से भूमि का आवंटन उद्यमियों को किया जा सकता है।
136 उद्यमियों को है भूमि आवंटन का इंतजार
जिले में आयोजित हुई इन्वेस्टर्स समिट में करीब 350 समझौता ज्ञापन (एमओयू) साइन हुए हैं। इसमें 150 उद्यमियों ने भूमि की आवश्यकता जताई है। उनका कहना है कि अगर भूमि का आवंटन हो तो वह उद्योग लगा पाएंगे। ऐसे में इन उद्यमियों को अब सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में सभी सुविधाओं से युक्त जमीन मिलने का रास्ता साफ हो गया है।