आगामी त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर आकर्षक नेकलेस और ज्वेलरी सेट की नई रेंज सजाई है, जिन्हें खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। कम बजट में रॉयल लुक देने वाले इन सेट्स की मांग पिछले वर्ष की तुलना में काफी बढ़ी है।
बाजार के पांच सबसे ट्रेंडिंग डिजाइंस हैं, जिनमें गले से सटकर पहनने वाला चोकर नेकलेस युवतियों की पहली पसंद बना हुआ है। इसे इंडो-वेस्टर्न और फ्यूजन ड्रेस के साथ खूब पसंद किया जा रहा है। वहीं कुंदन और पोल्की सेट शादी, तीज-त्योहार और पारिवारिक आयोजनों के लिए यह सेट सबसे अधिक बिक रहा है। इसकी रॉयल फिनिश महिलाओं को आकर्षित कर रही है।
ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर नेकलेस का क्रेज कॉलेज की छात्राओं और वर्किंग महिलाओं के बीच लगातार बढ़ रहा है। कुर्ती और साड़ी दोनों के साथ यह शानदार लुक देता है। लांग लेयर्ड नेकलेस (रानी का हार) को भारी साड़ी और लहंगे के साथ पहनने का ट्रेंड इस सीजन में भी बरकरार है। यह दुल्हन और पार्टी वियर दोनों के लिए पसंद किया जा रहा है।
अमेरिकन डायमंड यानी एडी सेट की पार्टी, रिसेप्शन और नाइट फंक्शन के लिए सबसे ज्यादा मांग है। इनकी चमक और हल्का वजन ग्राहकों को खूब पसंद आ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि कम कीमत, हल्के वजन और संभालने में आसान होने के कारण हाथरस के बाजारों में आर्टिफिशियल ज्वेलरी सेट की रिकॉर्ड बिक्री हो रही है। त्योहारों के साथ-साथ विवाह समारोहों के लिए भी महिलाएं इन डिजाइनों को प्राथमिकता दे रही हैं।
इस बार महिलाएं 300 से 1500 रुपये तक की आर्टिफिशियल ज्वेलरी सबसे अधिक खरीद रही हैं। चोकर और कुंदन सेट की बिक्री में पिछले सप्ताह से लगातार बढ़ोतरी हुई है।
-योगेश कुमार, आर्टिफिशियल ज्वेलरी के विक्रेता।
जन्माष्टमी के अलावा अन्य पर्वों व आगामी विवाह सीजन को देखते हुए रोज नए डिजाइन की मांग आ रही है। बजट में आकर्षक लुक मिलने के कारण ग्राहक सोने की बजाय आर्टिफिशियल ज्वेलरी को प्राथमिकता दे रहे हैं।
-राकेश कुमार वार्ष्णेय, आर्टिफिशियल ज्वेलरी के विक्रेता।