हाथरस। शहर में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने और दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को आपस में सीधे जोड़ने के लिए नया बाईपास बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 12 किमी लंबे बाईपास के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग एस्टीमेट तैयार कराएगा। यह बाईपास मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग को आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग को आपस में जोड़ेगा, जिससे भारी वाहनों को शहर की सीमा में प्रवेश करने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
प्रस्तावित योजना के मुताबिक, यह बाईपास मेंडू रोड स्थित गांव सोखना के पास से शुरू होगा। इसके बाद यह जलेसर रोड को क्रॉस करते हुए गांव पापरी के पास आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में जाकर मिल जाएगा। इसके तैयार होने से न सिर्फ शहरवासियों को रोजाना के ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी, बल्कि लंबी दूरी का सफर तय करने वाले वाहन चालकों के समय और ईंधन की भी भारी बचत होगी।
लोक निर्माण विभाग ने इस बेहद महत्वपूर्ण परियोजना को अपनी कार्ययोजना में शामिल कर लिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कागजी औपचारिकताएं और बजट का सटीक आकलन पूरा होते ही इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया जाएगा। संवाद
फिलहाल इस बाईपास के प्रस्ताव को विभाग की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। शासन से प्राथमिक हरी झंडी मिलने के बाद इसका विस्तृत आगणन तैयार कराया जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
-संजीव कुमार वर्मा, अधीक्षण अभियंता, लोनिवि
ये होंगे फायदे
जाम से स्थायी राहत : शहर के मुख्य चौराहों और भीतरी मार्गों पर लगने वाले लंबे जाम से जनता को मुक्ति मिलेगी।
प्रदूषण में आएगी कमी : भारी वाहनों के शहर के बाहर से गुजरने के कारण शहर में ध्वनि और वायु प्रदूषण का ग्राफ तेजी से गिरेगा।
समय की बचत : मथुरा से बरेली या आगरा से अलीगढ़ की तरफ जाने वाले मुसाफिरों को शहर के ट्रैफिक में उलझना नहीं पड़ेगा, जिससे सफर काफी सुगम हो जाएगा।