हाथरस। आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर शहर में पहली बार भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में लगभग पांच दर्जन से अधिक अमर शहीदों की झांकियां लोगों का मन मोह रही थीं।
शहर में जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर जोशीला स्वागत किया गया। बैंडबाजे पर बज रहे देश भक्ति के गीतों ने शहर का वातावरण भी देश भक्ति कर दिया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमर रहें, वंदे मातरम, जय हिंद के नारों से शहर गूंज उठा। शोभायात्रा में तिरंगा झंडा और भगवा रंग के झंडे भी खूब लहराए। नेताजी की जयंती पर पुरानी कलेक्ट्रेट स्थित नेताजी की प्रतिमा का मुख्य अतिथि चेयरमैन डौली माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह, भाजपा नेता वासुदेव माहौर ने संयुक्त रूप से अनावरण किया। शोभायात्रा के संयोजक विनोद कश्यप के नेतृत्व में सभी अतिथियों का माल्यार्पण और तलवार भेंटकर जोशीला स्वागत किया। शोभायात्रा की शुरुआत अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर की।शोभायात्रा पुरानी कलेक्ट्रेट से शुरू होकर पंजाबी मार्केट, बैनीगंज, बुर्ज वाला कुआं, चूना वाला डंडा, चामड़ गेट, नयागंज, लोहट बाजार, रुई की मंडी, घंटाघर आदि बाजारों में होते हुए पुरानी कलेक्ट्रेट पर पहुंच कर समाप्त हुई। शोभायात्रा में केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य, सभासद प्रशांत शर्मा, सुरेश चौधरी, सुनीत आर्य, नंदनी देवी, अशोक कुमार, अभिषेक रंजन आर्य, मुकेश कुमार, प्रवीन वार्ष्णेय, अशोक सिंहा, हरिमोहन शर्मा गुरुजी, आशा ठाकुर, मुकेश कौशिक, प्रमोद सहित काफी लोग शामिल थे।
इन महापुरुषों की झांकियां आकर्षण का केंद्रनेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर पहली बार निकली शोभायात्रा में भारत माता, शहीद चंद्रशेखर आजाद, शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, वीरांगना झलकारी बाई, शहीद अशफाक उल्लाह खां, काका हाथरसी, राजा महेंद्र प्रताप सिंह, कर्पूरी ठाकुर, शहीद लाला लाजपत राय, शहीद ऊधम सिंह, डॉ. राममनोहर लोहिया, शहीद खुदीराम बोस, शहीद वीर सावरकर, शहीद वासुदेव बल्लभ, पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, मुंशी गजाधर सिंह, रेवती प्रसाद माहौर, विवेकानंद, मदन टेरेसा, सरदार बल्लभ भाई पटेल सहित पांच दर्जन से अधिक महापुरुषों की झांकि यां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।