सादाबाद में भतीजे ने चाकू मारकर की चाचा की हत्या
दादी को साथ ले जाने को लेकर हुई कहासुनी ने लिया उग्र रूप
देर शाम हुई घटना के बाद पुलिस ने भतीजे को लिया हिरासत में
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद (हाथरस)। नगर के हाथरस रोड स्थित मौहल्ला गंगा नगर में दादी को अपने साथ ले जाने के लिए आवेश में आए भतीजे ने चाचा की चाकू मारकर हत्या कर दी। परिजन मृतक को लेकर सीएचसी पर पहुंचे, लेकिन यहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने सीएचसी से घटना को अंजाम देने वाले भतीजे को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, मौहल्ला गंगानगर निवासी 42 वर्षीय गुड्डा पुत्र रघुवीर सिंह जो कि मूल रूप से क्षेत्र के गांव पुसैनी का रहने वाला था, लेकिन वह पिछले करीब 15 साल से सादाबाद के गंगा नगर में निवास कर रहा था। गुड्डा अग्रवाल शीतगृह के निकट छोले कुल्चे की ढकेल लगाता था। गुड्डा की दो पत्नियां थीं, पहली पत्नी कल्लो गांव पुसैनी में रहती थी और दूसरी पत्नी गुड्डी गुड्डा के साथ गंगा नगर में रहती थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी ने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले गुड्डी की तबियत खराब हो गई, जिस वजह से गुड्डा पुसैनी मेें रहने वाली अपनी वृद्ध मां रतन कौर को सादाबाद गंगा नगर में ले आया। रविवार को उसका भतीजा अपनी दादी को गंगा नगर से गांव ले जाने के लिए आया और दादी को गांव ले जाने लगा, इसी बात पर भतीजे और चाचा में कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आवेश में आकर भतीजे ने चाचा के सीने पर चाकू से वार कर दिया, जिससे चाचा की मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, परिजन मृतक चाचा गुड्डा को लेकर सीएचसी पर भी पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी भी पहुंच गए। पुलिस ने सीएचसी से आरोपी भतीजे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्रवाई जारी थी।