सासनी। गांव नगला सिंह में जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या से परेशान ग्रामीणों का शनिवार को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जलभराव के बीच उतरकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
विज्ञापन
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर है। नालियां चोक होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। कीचड़ और जलभराव से आवागमन मुश्किल हो गया है। गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने बताया कि समस्या की जानकारी मिली है।
क्षेत्रीय लेखपाल और बीडीओ को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में देवकी देवी, ओमवती देवी, रामवती, केपी सिंह, कृष्णा, वीरेंद्र, टीकम सिंह, मोहन सिंह, सोहेल खान, राजेंद्र आदि मौजूद रहे।