मुरसान नगर पंचायत की बैठक में भाग लेते अध्यक्ष देशराज सिंह, ईओ स्वदेश आर्य व सदस्य। संवाद
- फोटो : samvad
नगर पंचायत बोर्ड की पहली बैठक मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में हुई। इसमें सर्वसम्मति से करीब 22 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया। बैठक में कस्बे की सड़कों को बेहतर बनाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, बारिश से पहले ही नाले-नालियों की सफाई कराने, पानी की व्यवस्था के लिए हैंडपंपों की मरम्मत और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने के प्रस्ताव प्रमुख रूप से पारित किए गए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि नगर पंचायत कार्यालय पर अपनी समस्या लेकर आने वाले हर व्यक्ति को सहानुभूतिपूर्वक सुना जाएगा, ताकि उसकी समस्या का 24 घंटे में समाधान हो सके। जन्म, मृत्यु प्रमाणपत्र निर्धारित समय सीमा में बिना किसी परेशानी के आवेदक को उपलब्ध कराए जाएंगे। बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने वार्ड में विकास कार्य कराए जाने के प्रस्ताव सौंपे।
धन की उपलब्धता और आवश्यकता अनुसार सभी प्रस्तावों पर अमल कराने का नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह ने आश्वासन दिया। इस दौरान सदस्य शेर सिंह एडवोकेट ने मोहल्ला बोहरान में मंदिर के पास काफी समय से खराब पड़े हैंडपंप को रिबोर कराने व मोहल्ला खाई में लाइट लगवाने के लिए अध्यक्ष को पत्र दिया।
नगर में सफाई व्यवस्था के लिए अध्यक्ष और चार सदस्यों की टीम गठित की गई। अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह ने की। अधिशासी अधिकारी स्वदेश आर्य, सदस्य सुनीता देवी, मोहम्मद मंजूर आलम, मुक्खी देवी, सोनू, निक्की, नेमवती, शेर सिंह एडवोकेट, विष्णु, सुनीता देवी, रवि शर्मा, कुलदीप यादव आदि मौजूद थे। संवाद