हाथरस सड़क स्थित गांव दर्शना के पास रेलवे ट्रैक पर सोमवार दोपहर एक युवक और महिला के क्षत-विक्षत शव मिले। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव कई घंटे पुराने बताए जा रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
देर शाम तक मृतक युवक और महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग दोनों की मौत ट्रेन से गिरने या ट्रेन की चपेट में आने से होना बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोग इस मामले को संदिग्ध मान रहे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतकों की पहचान कराने और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
थानाध्यक्ष अरविंद सक्सेना का कहना है कि गांव दर्शना गांव के पास रेलवे ट्रैक पर युवक और महिला के शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद