मुरसान। कस्बे की संतोषी माता वाली गली निवासी 30 वर्षीय टैंकर चालक रवि की बिजनौर में सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार की रात करीब 10 बजे बिजनौर में मंडावली-नजीबाबाद चौराहे के पास संतुलन बिगड़ने से टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टैंकर का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हुआ है।
मृतक के भाई सतेंद्र पुत्र उदयवीर ने बताया कि उनका भाई रवि पानीपत से टैंकर में कोलतार लेकर गंगोत्री जा रहा था। इस दौरान बिजनौर जिले में मंडावली-नजीबाबाद चौराहे के पास टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद रवि को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घायल क्लीनर गौरव निवासी अलीगढ़ का बिजनौर अस्पताल में उपचार चल रहा है। परिवार के लोगों को मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे हादसे की सूचना मिली। इसके बाद रवि का भाई सतेंद्र, बेटा अनु, बहनाेई गजेंद्र, दोस्त रवि गोस्वामी और अन्य परिजन बिजनौर रवाना हो गए। वहां पहुंचकर परिजन पहले घटनास्थल और फिर संबंधित थाने पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव को मुरसान लाया जाएगा।
पत्नी और मां को देर शाम तक नहीं दी गई मौत की सूचना
दिवाली और करवाचौथ से पहले हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों ने बुधवार शाम तक रवि की पत्नी लक्ष्मी और मां सोमिता को उसकी मौत की सूचना नहीं दी थी। दोनों देर शाम तक उसकी सलामती के लिए भगवान से प्रार्थना करती रहीं। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि रवि की मौत हो चुकी है। रवि अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी, 16 वर्षीय बेटी निधि, 14 वर्षीय बेटे अनु और 10 वर्षीय बेटे मयंक को छोड़ गए हैं।