सादाबाद-मथुरा मार्ग पर मंगलवार देर रात हादसा हो गया। नौगांव बंबा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में सहपऊ के गांव मढ़ाका निवासी 25 वर्षीय संदीप पुत्र धर्मवीर सिंह की मौत हो गई।
संदीप मंगलवार रात बाइक से सादाबाद-मथुरा मार्ग से गुजर रहे थे। नौगांव बंबा के पास वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस उन्हें सादाबाद सीएचसी लेकर पहुंची।
हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें आगरा ले गए। वहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। संदीप एक निजी कंपनी में काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सादाबाद कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। संवाद