चंदपा क्षेत्र के गांव नगला बांस में मंगलवार की सुबह विवाद के बाद मां व दो बच्चों ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ (चूहे मारने का रसायन) खा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद अब तीनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार की सुबह नगला बांस निवासी कमल सिंह के 13 वर्षीय बेटे व 15 वर्षीय बेटी के बीच मोबाइल को लेकर कहासुनी हो रही थी। झगड़ा बढ़ने पर मां ने विजय लक्ष्मी ने आक्रोश में आकर चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया। यह देख गुस्से में बच्चों ने भी यही किया।
थोड़ी देर में तीनों की हालत खराब होने लगी। परिवार के लोग सुबह करीब नौ बजे तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में तीनों को भर्ती किया गया। बच्चों ने काफी कम मात्रा में विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था, इसलिए उनका जीवन बच गया। मां की हालत भी थोड़ी देर बाद स्थिर हो गई। उपचार के बाद तीनों को घर भेज दिया गया।
सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि जिला अस्पताल से थाने पर सूचना पहुंची थी, जिसके बाद विवाद का पता किया। तीनों खतरे से बाहर हैं। प्रकरण में कोई शिकायत नहीं मिली है।