सादाबाद क्षेत्र के गांव शेरपुर में प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार उर्फ राजू (40) का आगरा में उपचार के दौरान निधन हो गया। शव घर पहुंचने पर 65 वर्षीय मां राजवती देवी बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और दिल का दौरा पड़ने से उनका भी निधन हो गया। एक ही रात में मां और बेटे की मौत से परिवार ही नहीं, गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि मंगलवार की शाम को राजकुमार को अचानक सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। तमाम प्रयासों के बावजूद आगरा में इलाज के दौरान देर रात उनका निधन हो गया।
बेटे के निधन की खबर सुनते ही मां राजवती देवी की भी जान चली गई। राजकुमार अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और उन्होंने अपने पीछे दो छोटे भाइयों रमेशचंद्र और श्याम, दो बेटों यश और शिवम व पत्नी नीतू को बिलखते हुए छोड़ा है।
एक साथ जलीं दो चिताएं
बुधवार सुबह जब एक ही घर से मां और बेटे की अर्थियां उठीं, तो पूरा शेरपुर गांव गमगीन हो उठा। राजू के शव को मुखाग्नि उनके बेटे यश और राजवती को मुखाग्नि उनके पति नत्थीलाल ने दी। इस दौरान हर आंख नम थी।
20 दिन पहले हुआ था जगराता, अब मातम
गांव शेरपुर में करीब 20 दिन पहले इसी परिवार में देवी का जगराता हुआ था। इसमें पूरे गांव ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ ही दिनों में यही घर इतनी बड़ी त्रासदी का गवाह बन जाएगा।