गांव मंस्या खुर्द व मंस्या कलां के अलावा आसपास के कई गांवों में अज्ञात बीमारी ने दुधारू पशुओं के लिए संकट खड़ा कर दिया है। करीब एक माह से गांव में एक 12 से अधिक गाय व भैंस की मौत से हो चुकी है। हालांकि पशु चिकित्सक मौत की वजह हार्ट अटैक बता रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया है कि बीमारी का नाम व लक्षण पता नहीं पड़ रहा है। पशु अचेत होकर गिर जाते हैं। इसके बाद उनकी मौत हो जाती है। मंस्या कला में रनवीर, पापु, देवेंद्र, दारा सिंह, सत्तो, सत्यदेव, मोहन के अलावा गांव मंस्याखुर्द में होशियार सिंह, बैनामी, नैना, प्रेमचंद्र, सोना, संजय की गाय व भैंसों की मौत बीते 15 दिनों में हुई है।
इधर, गांव नगला हीरा में भी तरुण व राजबहादुर की भैंस भी अज्ञात बीमारी से मरी है। समस्या को शनिवार को सादाबाद विधायक गुड्डू चौधरी ने संपूर्ण समाधान दिवस में उठाया तो डीएम के निर्देश पर पशुपालन विभाग की टीम गांव में पहुंची।
उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पवित्रजीत सिंह ने टीम के साथ गांव में पहुंचे। उन्होंने कई पशुओं के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। मृत पशुओं के सैंपल लिए और प्राथमिक उपचार सामग्री वितरित की। उन्होने बताया कि प्रथम दृष्टया दुधारू पशुओं की मौत का कारण हार्ट अटैक सामने आ रहा है। ठंड के मौसम में अक्सर इस समस्या से दुधारू पशुओं को गुजरना पड़ता है।