कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला खंदारी गढ़ी में बंदरों से बचकर भागा 16 वर्षीय आरिफ छत से गिर गया। सीधे नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मचा है।
मोहल्ला खंदारी गढ़ी निवासी मोहम्मद रजाक का बेटा आरिफ सासनी गेट स्थित एक मोटरसाइकिल मरम्मत की दुकान पर काम सीख रहा था। दोपहर के समय आरिफ दुकान से खाना खाने के लिए अपने घर आया था। वह खाना लेकर घर की छत पर बैठा ही था कि तभी बंदरों के एक झुंड ने उस पर अचानक हमला बोल दिया।
घबराकर आरिफ अपनी जान बचाने के लिए भागा, लेकिन भागते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से सीधे नीचे जमीन पर आ गिरा। चीख-पुकार और फिर गिरने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े। देखा तो आरिफ नीचे अचेत हालत में पड़ा था। परिजन उसे आनन-फानन जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने मामले को संदिग्ध मानते हुए इसकी सूचना तुरंत इलाका पुलिस को दी। पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि पुलिस ने छानबीन की है, लेकिन परिवार ने किसी तरह की कार्रवाई से इन्कार किया है।