कोरोना काल में नगर पालिका परिषद की ओर से शहर में लगाया गया पब्लिक एड्रेस सिस्टम ध्वस्त हो गया है। इस सिस्टम के तहत शहर भर में स्पीकर लगवाए गए थे। पालिका परिषद के कार्यालय में अलग से एक केबिन बनाया गया था। यहां से पूरा सिस्टम चलता था, लेकिन अब यह पब्लिक एड्रेस सिस्टम पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। शहर में न तो स्पीकर बचे हुए हैं और न ही पालिका परिषद के केबिन में इसकी कोई मशीन लगी है।
हाथरस में भी सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल कराने की मांग
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने 6 मई को जिले में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित कराए जाने की मांग की। इस संबंध में डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम न्यायिक शिवनारायण शर्मा को सौंपा गया।
यह पहल हाल ही में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बन रहे युद्ध के हालातों को देखते हुए की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा सात मई को देशभर के 244 चिह्नित जिलों में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है, जिसमें आम नागरिकों, युवाओं एवं विभिन्न संगठनों को आपदा एवं संकट की स्थिति में सतर्कता व त्वरित प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
एबीवीपी का कहना है कि हाथरस जिले को भी इस राष्ट्रव्यापी सुरक्षा तैयारी में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि यहां के नागरिक भी संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने में सक्षम हो सकें। ज्ञापन देने वालों में जिला संगठन मंत्री सर्वेश शर्मा, आदित्य शर्मा, सुमित, सूरज चौहान आदि मौजूद रहे।