कोतवाली सहपऊ पुलिस एवं उड़न दस्ते के प्रभारी वाणिज्यकर अधिकारी उमेश कुमार सिंह की टीम ने चेकिंग के दौरान 1.30 क्विंटल गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 13 से 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस क्षेत्राधिकारी मनीषा सिंह मामले की गंभीरता से छानबीन में लगी हुई थी। वहीं, पुलिस ने गांजे को लेकर जा रहे दो युवकों को गाड़ी सहित हिरासत में लिया है।
सहपऊ कोतवाली प्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि वह मढ़ाका चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने तबेरा गाड़ी को वहां से जाते देखा। जब उन्होंने इसे रुकने के लिए इशारा किया तो चालक गाड़ी रफ्तार तेज कर भाग गया। चालक गाड़ी को सुल्तानपुर चौराहे की तरफ दौड़ाने लगा। इस पर उन्होंने सुल्तानपुर चौराहे पर चेकिंग कर रहे वाणिज्यकर अधिकारी उमेश कुमार सिंह के सचल दल को सूचित कर दिया।
सूचना मिलते ही सचल दल अलर्ट हो गया और सुल्तानपुर चौराहे पर गाड़ी को रोक लिया। जब सचल दल ने चेकिंग की तो इसमें 1.30 क्विंटल गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत पुलिस द्वारा 13 से 14 लाख रुपये बताई गई है।
सचल दल ने इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी है। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी सादाबाद मनीषा सिंह कोतवाली पहुंचकर जांच कर रही थी। पुलिस ने तबेरा में सवार दो युवकों को पकड़ा है, जो अपना नाम मकसूद अली निवासी फतुआ पटना बिहार एवं रवि निवासी समस्तपुर पटना बिहार बता रहे हैं।
दोनों युवकों के अनुसार पहले उनसे इस गांजे को बनारस में उतारने की डील हुई थी। लेकिन बाद में इसे जलेसर, एटा पहुंचाने के लिए कहा गया। इसी के चलते वह इसे जलेसर लेकर जा रहे थे। उड़न दस्ते के साथ सहपऊ पुलिस के एसआई कमल सिंह, मोहित, अमित, अजय, शेखर आदि पुलिस कर्मी तैनात थे।