कलेक्ट्रेट सभागार में मनरेगा की समीक्षा बैठक लेते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने मनरेगा कार्यक्रम के तहत ग्राम विकास के लिए कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मनरेगा के तहत काम कर रहे कर्मियों का यथाशीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानव दिवस सृजन में जनपद की खराब प्रगति होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुसार विकास एवं निर्माण कार्यों की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने विकास खंडवार गोवंश आश्रय स्थल के लिए बनाए जा रहे व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। डीएम ने बताया कि सामुदायिक भूमि पर गोवंश के लिए निर्मित आश्रय स्थल में 27 स्थलों को चिह्नित किया गया है जिसमें से 13 आश्रय स्थल पूर्ण हैं 14 का निर्माण कार्य जारी है। 15 दिनों में व्यवस्थाओं को हर हाल में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। अन्यथा कठोर कार्यवाही की जाएगी। मानव दिवस सृजन में जनपद की प्रगति 52 प्रतिशत होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास खंड सादाबाद तथा सहपऊ के अतिरिक्त अन्य सभी विकास खंडों में प्रगति रिपोर्ट 30 प्रतिशत से नीचे है। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कार्य को प्रारंभ किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
मास्टर रोल डेटा सात दिनों में करें फीड
मास्टर रोल तैयार करके शीघ्र कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाए। मस्टररोल का डेटा 7 दिनों में फीड करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक ग्राम पंचायतों में आगामी 3 दिनो में हर हाल में कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। मनरेगा कर्मियों को भुगतान की स्थिति मात्र 67 प्रतिशत होने पर भी डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सभी खंड विकास अधिकारी आगामी 3 दिनो में शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान पीडी अश्वनी कुमार मिश्रा, डीडीओ अवधेश कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी सादाबाद प्रतिमा निमेष, प्रभारी खंड विकास अधिकारी मुरसान गमपाल सिंह तथा अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।