मतदान सामग्री लेकर जाते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Samvad
हाथरस। आगरा खंड के शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। जिले के 16 मतदान केंद्रों पर कुल 16,365 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। बृहस्पतिवार को खेल स्टेडियम से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर पोलिंग पार्टियों के रवानगी एवं वापसी स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने मतदान कार्य में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पोलिंग पार्टियां रवानगी से पूर्व अपने सभी प्रपत्रों का भली-भांति मिलान कर लें और उन्हें मतदान सामग्री के साथ अपने बस्ते में अनिवार्य रूप से रख लें। मतदान पेटिका को सील करने से जुड़ी सामग्री सहित अन्य सभी जरूरी निर्वाचन उपकरणों की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आठ मतदान केंद्र और 15 मतदेय स्थल हैं। इन पर 13,797 मतदाता पंजीकृत हैं। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आठ मतदान केंद्र, आठ मतदेय स्थल और 2,566 मतदाता पंजीकृत हैं। एसपी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मानकों के अनुरूप मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक केंद्र पर सेंटर सुपरिटेंडेंट के रूप में एक अधिकारी की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे को व्यवस्थित और प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए हैं। शांतिपूर्ण और सुरक्षित मतदान करने के लिए चार क्षेत्राधिकारी और लगभग 400 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।