हाथरस के लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज में इस बार मिक्सर झूला पहली बार आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह रोमांचक झूला युवाओं और बच्चों की पसंद को ध्यान में रखकर लगाया जा रहा है। झूले का सामान मेला परिसर में पहुंच चुका है और इसे लगाने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
श्री दाऊजी महाराज मेले में हर वर्ष अलग-अलग तरह के झूले और खेल-तमाशे लोगों को आकर्षित करते हैं। इस बार मिक्सर झूला कुछ अलग और रोमांचक अनुभव देने की तैयारी में है। झूला संचालक भूरा भाई ने इसकी जानकारी दी। वह मोदीनगर, जिला गाजियाबाद के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि झूले में करीब 30 से 40 युवक और बच्चे एक साथ सवार हो सकेंगे।
यह झूला घूमने के साथ तेज गति से अपनी दिशा बदलेगा। इससे सवारों को रोमांच का अनुभव होगा। मेले में पहली बार लगाए जा रहे इस झूले को लेकर युवाओं में उत्सुकता बनी हुई है। यह नया झूला मेले में आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण बनने की उम्मीद है। यह झूला बच्चों और युवाओं को एक नया अनुभव देगा।
पहली बार जलपरी शो बनेगा मुख्य आकर्षण
मेला श्री दाऊजी महाराज में इस बार पारंपरिक झूलों और सांस्कृतिक आयोजनों के बीच इस बार का मुख्य आकर्षण जलपरी शो रहेगा। मेले के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब दर्शक कांच के विशालकाय एक्वेरियम/टैंकों में पानी की परियों को तैरते और करतब दिखाते देख सकेंगे।
मेले में मनोरंजन के इस विशेष साधन को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी अमरोहा निवासी ठेकेदार अब्दुला संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस शो के लिए खासतौर पर रूस और जापान से पेशेवर महिला कलाकारों से संपर्क किया जा रहा है। ये विदेशी कलाकार शो के दौरान जलपरी के रूप में पानी के भीतर कई तरह के हैरतअंगेज करतब और नृत्य प्रस्तुत करेंगी, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए एक जादुई अनुभव होगा।