पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में राज्यमंत्री का स्वागत करते भाजपाई।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। शहर के अलीगढ़ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में आवास एवं शहरी नियोजन, व्यवसायिक शिक्षा कौशल विकास राज्य मंत्री सुरेश पासी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों के पेंच कसने के साथ खामियां दूर करने के निर्देश दिए। शहर आगमन पर भाजपाइयों ने बुके भेंटकर राज्य मंत्री का स्वागत किया।
राज्यमंत्री ने आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य से जिले में आईटीआई कॉलेजों की जानकारी की। उनके रखरखाव के बारे में पूछा। कंप्यूटर लैब स्थापित होने की जानकारी की। आवास-विकास परिषद के अधिकारियों से कामकाज के बारे में पूछा। कौशल की एमआईएस आदि को लेकर काफी देर तक समीक्षा की। साथ ही राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जो खामियां हैं, उन्हें दूर किया जाए। जब भी वह दोबारा आएंगे तो आईटीआई आदि का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, सदर विधायक हरीशंकर माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राना, नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, अजय रावत आदि ने राज्यमंत्री का दुपट्टा पहनाकर और बुके भेंटकर स्वागत किया। राज्यमंत्री से भाजपाइयों ने शहर के ट्रैफिक आदि समस्याओं से अवगत कराया। इस मौके पर एडीएम अशोक कुमार शुक्ला, एसडीएम सदर नीतीश कुमार के अलावा नगराध्यक्ष मोहन पंडित, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अखिलेश गुप्ता, हरीशंकर राना, राजेश गुड्डू, विजय पंडित, सभासद सुरेश चौधरी आदि भाजपाई मौजूद थे।