संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
नगर पालिका कार्यालय में शनिवार को हुई बोर्ड की बैठक में आगामी वर्ष के लिए 26.93 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। बजट में इस वर्ष नगर को मिनी स्टेडियम और पार्क की सौगात मिलेगी। अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार ने बजट की विभिन्न मदों से होने वाले आय-व्यय की जानकारी दी।
ईओ डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि नगर पालिका को गत वर्ष में कुल 27 करोड़ रुपये की प्राप्ति विभिन्न मदों से हुई थी। इस धनराशि से कई विकास कार्य कराए गए थे। नगर पालिका कर्मियों को वेतन का वितरण किया गया। इस वर्ष नगर पालिका को अनुमानित 26 करोड़ रुपये की आय होगी। इसमें पिछला धन भी समाहित होगा।
गत वर्ष में कुल व्यय 18 करोड़ रुपये हुआ। इसमें वेतन आदि पर दो करोड़ 87 लाख रुपया व्यय किया गया। ईओ ने बताया कि इस वर्ष वेतन आदि को मिलाकर विकास और अन्य कार्यों पर 22.91 करोड़ रुपये का खर्च होगा। चेयरमैन सरोज देवी ने जानकारी दी कि युवाओं के शारीरिक विकास और क्षेत्र मेें खेलकूद को प्रोत्साहन देने के लिए मिनी स्टेडियम का निर्माण इस वर्ष पूरा कर लिया जाएगा।
जवाहर पार्क गंदा और कूड़ायुक्त था, उसके स्थान पर हरा-भरा पार्क बन गया है। यहां अब सैकड़ों लोग सुबह टहलकर ताजी हवा का सेवन करते हैं। इसी प्रकार आंबेडकर नगर के कस्तूरबा स्कूल के पास हरा-भरा पार्क बना है। मोहल्ला बारहसैनी में अक्रूर पार्क का निर्माण किया गया है। बोर्ड का उद्देश्य नगर में सफाई व्यवस्था को चौकस रखना, मार्गों को रोशनी से परिपूर्ण रखना है।