क्षेत्र के गांव कपसिया निवासी 34 वर्षीय दुग्ध व्यापारी विनय चक का 17 अगस्त की रात संभवतः हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया। उन्हें 17 अगस्त की शाम सीने में हल्का भारीपन और बांह में झनझनाहट महसूस हुई थी। उन्होंने इसे गैस की समस्या मानकर अनदेखा किया। रास्ते में वह अचेत होकर गिर गए।
विनय चक पुत्र भानुप्रकाश दुग्ध व्यवसाय करते थे। शाम को परेशानी के बावजूद वह पड़ोसी गांव मानिकपुर दूध इकट्ठा करने चले गए। घर लौटने पर उन्होंने परिवार को अपनी समस्या बताई। रात करीब 8:30 बजे वह सिकंदराराऊ स्थित डेयरी पर दूध पहुंचाने के लिए मोटरसाइकिल से निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गांव से लगभग 500 मीटर दूर रजबहा के किनारे एक नल के पास वह अचेत होकर गिर गए। कई घंटों तक घर न लौटने पर परिजनों ने डेयरी पर फोन करके जानकारी ली। परिजनों के तलाशने पर बंबे के पास हैंडपंप पर विनय की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पास जाकर देखा तो विनय अचेत अवस्था में पड़े थे।
परिजन उन्हें चिकित्सक के पास ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यह सुनकर परिजन बिलखने लगे। 18 अगस्त की दोपहर में गमगीन माहौल में विनय के छह वर्षीय पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे वहां मौजूद सैकड़ों लोगों की आंखें नम हो गईं। मृतक विनय अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, दो पुत्रियों और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। संवाद