गांधी चौक स्थित गर्ग मेडिकल स्टोर आग लग गई। वहां रखा फ्रिज, लैपटॉप और करीब 15 लाख रुपये कीमत की दवाएं जलकर राख हो गईं। दुकानदार को लाखों का नुकसान हो गया।
सासनी कस्बे के गांधी चौक स्थित गर्ग मेडिकल स्टोर में 20 जनवरी की देर रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग से दुकान में रखीं दवाएं और अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दे दी है।
विज्ञापन
20 जनवरी की रात करीब एक बजे गांधी चौक स्थित गर्ग मेडिकल स्टोर से पड़ोसी दुकानदार नीरज अग्रवाल ने आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने इसकी सूचना मेडिकल स्टोर के मालिक तुषार गर्ग को दी। फायर ब्रिगेड और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब जाकर आसपास के दुकानदारों ने चैन की सांस ली।
दुकान मालिक तुषार गर्ग ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर रात करीब आठ बजे अपने अलीगढ़ स्थित घर चले गए थे। रात करीब एक बजे पड़ोसी दुकानदार ने उन्हें फोन पर दुकान में आग लग गई है। रात को ही वह दुकान पर पहुंचे तो देखा कि वहां रखा फ्रिज, लैपटॉप और करीब 15 लाख रुपये कीमत की दवाएं जलकर राख हो गईं थीं।