पूर्वोत्तर रेलवे के मथुरा-कासगंज रेल खंड पर शनिवार को ट्रैक फ्रैक्चर होने से करीब 40 मिनट तक रेल यातायात पूरी तरह ठप रहा। हाथरस सिटी और मेंडू स्टेशन के बीच ट्रैक में दरार आने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में खलबली मच गई। एहतियातन तत्काल ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार दोपहर करीब 12:07 बजे रेल ट्रैक की पेट्रोलिंग कर रहे मेट महेंद्र कुमार को हाथरस सिटी और मेंडू स्टेशन के बीच ट्रैक में फ्रैक्चर दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे ने तत्परता दिखाते हुए सेक्शन में ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया।
ट्रैक फ्रैक्चर के कारण कविगुरु एक्सप्रेस सहित कुल तीन ट्रेनें प्रभावित हुईं। इसमें ट्रेन संख्या 19616 कविगुरु एक्सप्रेस को मेंडू स्टेशन पर करीब 36 मिनट तक रोके रखा गया। वहीं 55332 मथुरा-कासगंज पैसेंजर ट्रेन हाथरस सिटी स्टेशन पर लगभग 40 मिनट तक खड़ी रही, जबकि 55335 कासगंज-मथुरा पैसेंजर ट्रेन को हाथरस रोड हाल्ट पर 15 मिनट तक रोकना पड़ा।
दोपहर 12:47 बजे कविगुरु एक्सप्रेस को बहुत ही धीमी गति से मेंडू स्टेशन से रवाना किया गया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ की टीम ने ट्रैक की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू कर दिया। शाम करीब चार बजे ट्रैक को दुरुस्त कर लिया गया, लेकिन इस दौरान सभी ट्रेनों को एहतियातन मात्र 20 किलोमीटर प्रति घंटा की धीमी गति से निकाला गया।
माना जा रहा है कि समय रहते ट्रैक फ्रैक्चर की पहचान हो जाने से बड़ा हादसा टल गया। यदि पेट्रोलिंग के दौरान यह खामी सामने न आती, तो किसी गंभीर दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था।
ट्रैक में तकनीकी कमी आने की सूचना पेट्रोलिंग करने वाले मेट ने दी थी। इस पर कविगुरु एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनों को रोक दिया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और ट्रेनों को धीमी गति से निकाला गया। इस दौरान 55332 पैसेंजर ट्रेन करीब 40 मिनट, कविगुरु एक्सप्रेस 36 मिनट व ट्रेन संख्या 55335 पैसेंजर 15 मिनट प्रभावित रही।
-संजीव कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल।