चंदपा के गांव कुंवरपुर में फैक्टरी में लगी आग। संवाद
- फोटो : Samvad
गांव कुंवरपुर में शुक्रवार देर शाम एक कपड़ा फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग से फैक्टरी के अंदर रखा लाखों रुपये का माल और मशीनें जलकर राख हो गईं। आग लगने की वजह प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
गांव कुंवरपुर निवासी महेंद्र सिंह की जय अंबे टैक्सटाइल के नाम से फैक्टरी है, जहां चादर, लिहाफ और खोली बनाने का कार्य होता है। शुक्रवार देर शाम फैक्टरी से अचानक ऊंची-ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। लपटें और धुआं देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।
ग्रामीणों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। महज 15 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हादसे के समय भारी संख्या में लोग जमा हो गए।
हालांकि जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक फैक्टरी के गोदाम में रखा तैयार माल (चादरें, लिहाफ, खोली) और अंदर लगीं मशीनें जलकर राख हो चुकी थीं। पीड़ित फैक्टरी मालिक महेंद्र सिंह के मुताबिक हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ है और इससे आठ से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सीएफओ आरके वाजपेयी ने बताया कि दमकल की गाड़ियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।