हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र में जलेसर रोड पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में राज मिस्त्री प्रदीप कुमार (28) की मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
हाथरस जंक्शन के गांव लाड़पुर नगला अखई निवासी प्रदीप कुमार पुत्र सोरन सिंह राज मिस्त्री का काम करते थे। पुलिस के अनुसार शहर में उनका काम चल रहा था। बुधवार की रात वह शहर से गांव लौट रहे थे। रास्ते में जलेसर रोड पर बर्फखाना के सामने पीछे से आ रहे कैंटर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। प्रदीप सड़क पर गिर गए। सिर की चोट के कारण काफी खून निकला।
मौके पर पहुंची पुलिस प्रदीप को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मृतक ने अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ा है। संवाद