हसायन (हाथरस)। गांव बरसौली में मंगलवार को विवाहिता नजमा (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को मायके पक्ष के लोग सीधे कोतवाली पहुंचे और पति सहित पांच ससुरालीजनों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
मृतका के पिता नजर मोहम्मद निवासी मोहल्ला कुम्हारान, छर्रा (अलीगढ़) ने बताया कि उनकी बेटी की शादी राज मोहम्मद निवासी बरसौली के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन उसका उत्पीड़न करते थे। आरोप है कि 10 नवंबर को ससुरालीजनों ने उनकी बेटी को जहर दे दिया। हालत बिगड़ने पर उसे आगरा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिता ने पति, सास, बड़े देवर सहित पांच लोगों पर मारपीट और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतका के भाई आबिद ने पुलिस पर तहरीर में शब्द बदलवाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार चिकारा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।