सिकंदराराऊ के बाजार में मारपीट के बाद मची भगदड़। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
नगर में अतिक्रमण के चलते बुधवार को जाम लग गया। आगे निकलने की होड़ में दो बाइक में टक्कर हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इससे बाजार में भगदड़ मच गई और दो लोग मारपीट में घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया।
कुछ दिनों से बाजार में काफी भीड़ हो रही है। सहालग के कारण लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है। कई दुकानों के आगे वाहन खड़े हुए थे। इसके चलते बुधवार को नगर में जाम लग गया।
जाम में कई टिर्री भी जाम में आकर फंस गईं। आलम यह था कि मार्ग पर पैदल निकलने के लिए जरा भी जगह नहीं थी। इसी बीच गांव नगला जलाल निवासी निशार बाइक से बाजार में पहुंचा। आरोप है कि उसकी बाइक जाम के कारण अन्य बाइक से टकरा गई। इसको लेकर विवाद शुरू हो गया।
कुछ ही देर में दोनों पक्षों से लोग जुट गए और उनमें मारपीट होने लगी। इससे क्षेत्र में में भगदड़ मच गई। कई लोग गिरकर चोटिल हो गए। एक युवक की नाक में चोट लग गई तथा खून बहने लगा। दूसरा युवक भी चोटिल हुआ है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पकड़कर थाने ले गई।
टिर्री-ऑटो से लगता है जाम
बाजार में टिर्री और ऑटो के कारण अक्सर ही जाम लगता है। बाजार में नो एंट्री क्षेत्र में भी चाक टिर्री लेकर घुस जाते हैं। जबकि पार्किंग नहीं होने से दुकानों के सामने पहले से ही कई वाहन खड़े रहते हैं। इससे सड़क पर निकलने की जगह नहीं बचती है। बुधवार को भी जीटी रोड पर पूरे दिन जाम लगा रहा।