संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों की धीमी प्रगति पर पीडी राजेश कुरील ने तीन एपीओ और चार बीडीओ के वेतन रोकने की कार्रवाई की है। उन्होंने कहा है कि प्रगति में सुधार नहीं आने की दशा में अग्रिम आदेशों तक वेतन निकासी पर रोक रहेगी।
शासन के निर्देश पर जिले में मनरेगा के तहत अमृत सरोवर, आंगनबाड़ी केंद्रों, परिषदीय विद्यालयों की बाउंड्री निर्माण सहित अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों की शासन स्तर से लगातार समीक्षा की जा रही है।
बुधवार को मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन की भी समीक्षा की गई। पीडी राजेश कुरील ने बताया कि समीक्षा के दौरान पाया गया कि सभी ब्लॉकों में मानव दिवस सृजन में संबंधित अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है।
इस कारण मनरेगा के कार्यों की प्रगति धीमी है। इस आधार पर पीडी राजेश कुरील ने एपीओ सिकंदराराऊ, मुरसान, सहपऊ के वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है। खंड विकास अधिकारी हसायन, हाथरस, सासनी, सादाबाद के भी वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है।