सादाबाद जलेसर मार्ग पर गांव मढ़ाका के गंदे नाले के पुल पर ट्रक एवं बस टकरा गए। ट्रक के टकराने पर बस लगभग बीस मीटर पीछे ट्रक के साथ हटती चली गई, जिससे बस का पिछला हिस्सा उसके पीछे आ रही कार में जा लगा। बस जलेसर रोड से सादाबाद एवं ट्रक सादाबाद से जलेसर की ओर जा रहा था। तीनों वाहनों के आपस में टकराने से कई लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी सादाबाद भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया।
सादाबाद जलेसर मार्ग पर निजी बस चलती हैं। सुबह के दस के लगभग एक प्राइवेट बस 25-30 सवारियाें को लेकर जैसे ही गांव मढ़ाका के गंदे नाले के पुल के मध्य पहुंची तो सादाबाद की ओर से तेजी से आ रहे डस्ट भरे ट्रक ने उसमेें टक्कर मार दी। बस ड्राइवर ने बस को ट्रक की रफ्तार को देखकर पुल के मध्य ही खड़ा कर दिया था। ट्रक ड्राइवर ने बस को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हुई। ट्रक की टक्कर से बस भी लगभग बीस मीटर पीछे हटती चली गई। बस पीछे आ रही कार से जा टकराई, जिससे उसका आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते कार में बैठी किरन देवी पत्नी सेवा राम निवासी मथुरा को जख्मी हो गईं।
वहीं, बस में बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। टक्कर की आवाज सुनकर घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई। दोनों के टकराने से बस में बैठी कई सवारियां घायल हो गई। ट्रक ड्राइवर एवं क्लीनर ट्रक छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंची भीड़, पीआरवी एवं कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी सादाबाद भेज दिया। घायलों में इतवारी पुत्र बाबू, जमीला पत्नी इतवारी, निवासी मल्लपुरा आगरा, मुकेश पुत्र बाबू सिंह निवासी नगला भूरा सादाबाद ,सीटू पुत्र हरिचंद्र निवासी मथुरा एवं प्रीति गोस्वामी पत्नी अरविंद गोस्वामी निवासी मकनपुर थाना सहपऊ आदि थे। सभी घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। करीब दो घंटे में ट्रक एवं बस को क्रेन से हटाया गया, इसके बाद ही आवागम सुचारु रूप से चालू हो सका। बाद में ट्रक एवं बस मालिकों में समझौता होने के बाद किसी ने कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी है।
कैंटर ने रौंदी बाइक, सवार की हालत गंभीर
कस्बे में बाइक सवार को किसी कैंटर ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया, जबकि चालक कैंटर को छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्राम नगला हरिया निवासी मनीष पुत्र विशन रविवार की सुबह घरेलू कार्य से कस्बा सासनी आ रहा था। जैसे ही वह आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित जरैया मोड़ के निकट आया, वैसे ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक चालक मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक चालक को स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। हालत गंभीर होने के कारण उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ से भी घायल को गुड़गांव के निजी अस्पताल भेज दिया गया। जहां घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। चालक कैंटर को छोड़कर फरार हो गया।