संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
क्षेत्र के गांव थरौरा निवासी पुनेश पुत्र गोपालीराम ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ही तीन युवकों पर घर में घुसकर उसके, उसकी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तहरीर में कहा गया है कि बुधवार की शाम को सात बजे वह अपने घर के बाहर बैठा था। उसी समय गांव निवासी विजेंद्र सिंह पुत्र ओंकार सिंह शराब पीकर आया और पंचायत चुनाव को लेकर उसको गाली देते हुए कहने लगा कि वह उसे राजनीति सिखाने आया है। जब उसने उसे गाली देने से मना किया तो उसने मोहित और सौरभ को बुला लिया। उसने देखा कि यह तीनों शराब पीये हुए हैं तो वह घर में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
दरवाजा बंद होने के बाद यह तीनों युवक किसी तरह से छत पर चढ़ गए और घर के अंदर कूद गए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। जब उसे बचाने उसकी पत्नी एवं बेटी आई तो उन्होंने इन दोनों से भी मारपीट की। मारपीट में उसको, उसकी बेटी और पत्नी को काफी चोट आई। उनके कपड़े भी फट गए। पुलिस ने तीनों को रात में ही तीनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।