मुरसान के गांव करील में युवक की मौत के बाद पोस्ट मार्टम हाउस पर लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : HATHRAS
क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव करील निवासी एक युवक ने पत्नी से मोबाइल पर हुए विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इलाका पुलिस ने गांव पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जिसके बाद गांव में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मुरसान क्षेत्र के गांव करील निवासी 23 वर्षीय श्याम सुंदर पुत्र हरी सिंह की 19 अप्रैल 2019 को मथुरा क्षेत्र के एक गांव में शादी हुई थी। उनका दांपत्य जीवन काफी खुश चल रहा था। दिवाली से पांच दिन पहले ही उनकी पत्नी अपने मायके गई थी। मंगलवार की रात को वह अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर श्यामसुंदर और उनकी पत्नी के बीच विवाद हो गया, इस बात से गुस्साए श्यामसुंदर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। सूचना के बाद इलाका पुलिस गांव पहुंच गई। घटनास्थल पर लोगों की काफी भीड़ लग गई।
- जानकारी मिली है कि मृतक की अपनी पत्नी से फोन पर अनबन हो गई थी। इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इस मामले में अभी किसी की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिद्धार्थ वर्मा, एएसपी।