न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव दयानतपुर के मंदिर से चोरी हुई साउंड की मशीन के साथ युवक को दबोच लिया। लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दे दी और फिर पुलिस आरोपी को पकड़ कर अपने साथ थाने ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है।
अलीगढ़ रोड स्थित गांव दयानतपुर में विजय कुमार पुत्र रामप्रकाश के मंदिर पर गनपति की स्थापना की गई है। यहां पर भजन आदि के लिए किराए का साउंड सिस्टम भी लगाया गया। रविवार/सोमवार की रात को यहां से साउंड सिस्टम की मशीन को कोई चोरी कर ले गया। इस बात की सूचना सोमवार सुबह पुलिस को दी गई। इधर तमनागढ़ी निवासी एक युवक उस चोरी गई मशीन को बेचने के लिए उसी दुकानदार के पास पहुंच गया, जिसने दयानपुर के लोगों को उसे किराए पर दिया था। मशीन पहचान करने के बाद दुकानदार ने दयानतपुर के लोगों को इस बात की सूचना दी। इसके बाद सभी दुकानदार के पास रुहेरी पहुंच गए और फिर मशीन बेचने पहुंचे तमनागढ़ी निवासी युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि युवक मशीन चोरी करने की बात से इनकार किया। उसने बताया कि एक युवक पर उसके सात हजार रुपये हैं, उसी ने मशीन को लाकर उसे दिया था कि इसे बेच कर अपने रुपये पटा ले। अभी पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है।