गांव गंगोल (लाखनूं) के एक परिवार के लिए पीलिया का रोग जान का दुश्मन बन गया है। एक पिता पीलिया से पहले ही अपने दो जवान बेटों को खो चुका है। अब इसी रोग की चपेट में उसका एक और बेटा और पुत्रवधु आ चुकी है। यह दोनों अस्पतालोें में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। पीड़ित पिता ने सीएमओ और डीएम से मदद की गुहार लगाई है।
गांव गंगोल लाखनूं निवासी रामपाल वाल्मीकि पुत्र वित्तीलाल वाल्मीकि ने डीएम और सीएमओ भेजे गए पत्र में बताया कि करीब दो माह पहले नौ जून 2016 को उनके सबसे बड़े बेटे कपिल कुमार (35 साल) की हेपेटाइटिस की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है।
दूसरे सबसे बड़े बेटे शैलेश कुमार (30 साल) की मृत्यु 23 अगस्त 2016 को इसी बीमारी के कारण हो गई। वर्तमान में इसी बीमारी की चपेट में उनके मृतक बेटे कपिल की पत्नी साधना और तीसरा बेटा सचिन कुमार (24 साल) भी आ गए हैं। साधना आगरा के एक हॉस्पिटल और सचिन हाथरस के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
इस कारण उनका पूरा परिवार पूरी तरह से इस बीमारी की चपेट में है और बीमारी के चलते आर्थिक तंगी में आ गए हैं। अब वह इनका इलाज कराने में असमर्थ है। पत्र में रामपाल ने सीएमओ और डीएम से पुत्रवधु और बेटे को बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराए जाने की मांग की है।