हाथरस के सासनी सीएचसी पर सार्वजनिक शौचालय है। उस पर हर समय ताला ही रहता है। वहां आने-जाने वाले मरीज, तीमारदार के साथ-साथ स्टाफ इस कारण से परेशान रहता है। कई बार इसकी शिकायत हुई, पर शिकायत भी ताले के अंदर ही लॉक हो गई, ताला नहीं खुला।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाखों रुपये खर्च बनवाए गए सार्वजनिक शौचालय दिखावटी साबित हो रहे हैं। इन पर हर वक्त ताला लटका रहता है, जिससे सीएचसी में आने वाले मरीज, तीमारदार और स्टाफ इनका प्रयोग नहीं कर पाते। कई बार शौचालयों का ताला खुलवाने की मांग विभागीय अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया है।
विज्ञापन
वर्तमान में भीषण गर्मी का मौसम चल रहा है। सीएचसी पर उल्टी-दस्त के शिकार मरीज भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। ऐसे में अगर किसी मरीज या तीमारदार को जरूरत पड़ जाए तो उन्हें शौच के लिए भटकना पड़ता है। गौरतलब है कि सीएचसी परिसर में इन शौचालयों का निर्माण छह महीने पहले कराया गया था। सिर्फ एक-दो दिन ही लोग इनका इस्तेमाल कर पाए थे। इसके बाद इन पर ताला जड़ दिया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर वह अपनी बहू को दवा दिलवाने आई हूं। मुझे टॉयलेट जाना था, लेकिन शौचालय पर ताला लटका हुआ है।-जसोदा देवी निवासी नाई का नगला
आज सुबह पेट में दर्द हो रहा था। शौच के लिए सीएचसी परिसर में बने शौचालय में गया, लेकिन वहां ताला लटका था। यह बहुत गंभीर समस्या है।-दिलीप कुमार, मरीज
विज्ञापन
सीएचसी पर बच्चों को दवा दिलाने गया था। लघुशंका लगने पर सामुदायिक शौचालय पर जाकर देखा तो उसके दोनों गेट पर ताला लगा हुआ था। वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।-ऋषभ सोनी, तीमारदार।
सार्वजनिक शौचालय पर ताला लटकने की सूचना नगर पंचायत प्रशासन को दी गई थी। नगर पंचायत ने एक-दो दिन तो शौचालय खुलवा दिया, लेकिन इसे स्थायी रूप से नहीं खोला जा रहा। इस बारे में एक बार फिर नगर पंचायत के अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।-प्रवीन कुमार भारती, कार्यवाहक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी