मंदिर के बरामदे का लिंटर डाला जा रहा था, जिसकी शटरिंग लग चुकी थी। मजदूरों ने जाल पर कंक्रीट और सीमेंट का घोल डालना शुरू किया। वजन बढ़ते ही लिंटर शटरिंग सहित भरभरा कर नीचे गिर पड़ा।
हाथरस के बागला कॉलेज मार्ग स्थित नर्मदेश्वर मंदिर पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान 29 जनवरी की दोपहर हादसा हो गया। कंक्रीट और सीमेंट का घोल डाले जाने के दौरान लिंटर और शटरिंग गिरने से तीन मजदूर घायल हो गए, इनमें एक को जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया है।
विज्ञापन
इस मंदिर में काफी समय से निर्माण कार्य चल रहा है। अक्रूर इंटर कॉलेज से सटे इस मंदिर के बाहर बड़ा हॉल बनाया जा रहा है। इसके बराबर मंदिर के मुख्य गेट के बाहर बरामदा बन रहा है। 29 जनवरी को बरामदे का लिंटर डाला जा रहा था, जिसकी शटरिंग लग चुकी थी। दोपहर लगभग 12:00 बजे मजदूरों ने जाल पर कंक्रीट और सीमेंट का घोल डालना शुरू किया। वजन बढ़ते ही दोपहर तीन बजे के करीब लिंटर शटरिंग सहित भरभरा कर नीचे गिर पड़ा। इसके साथ ही लिंटर पर काम कर रहे चार मजदूर भी नीचे गिरे, इनमें से तीन को चोट आई है।
लिंटर गिरते ही अफरा-तफरी मच गई, मौके पर भीड़ जमा हो गई। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे में भरत सिंह व योगेंद्र सिंह निवासी अमरपुर तथा राहुल निवासी नगला इमलिया घायल हुए हैं। भरत सिंह को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल से अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि मामले में शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।