संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
क्षेत्र के गांव पटाखास के निकट बृहस्पतिवार की दोपहर को एक संविदा विद्युत कर्मी हाईटेंशन की लाइन पर काम करते समय झुलस गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है।
दिनेश पुत्र हरदम सिंह निवासी गांव पटाखास मुरसान गांव के निकट ही पटाखास फीडर पर संविदा कर्मी के रूप में काम करता था। बृहस्पतिवार की दोपहर को गांव के निकट ट्यूबवेल के लिए जा रही हाईटेंशन की लाइन पर वह अपने एक साथी के साथ शटडाउन लेकर काम करने गया था। अचानक लाइन में करंट आ गया, जिससे वह काफी झुलस गया था। आनन-फानन लोग दिनेश को उपचार के लिए एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई है। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। विद्युत अधिकारी और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि पटाखास फीडर पर कार्यरत एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा।