कस्बे के कमला बाजार में रेडीमेड की दुकान में लगी आग में व्यापारी के जीवन भर की कमाई राख हो गई है। सोमवार की सुबह से दुकान पर उनके मिलने वालों का तांता लगा रहा। हादसे से परिवार सदमे में है। साथ ही दीवारों में दरारें आने के कारण कांप्लेक्स के अन्य दुकानदार भी चिंतित हैं। तहरीर मिलने पर पुलिस ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रविवार देर शाम को बैटरी फटने के कारण बंगाली महल कांप्लेक्स स्थित मोहन रेडीमेड शोरूम में आग लगी थी। हादसे की सूचना पर शोरूम संचालक विमल कुमार तत्काल मौके पर पहुंच गए थे। जब तक आग बुझी, तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया था। सोमवार की सुबह व्यापारी दुकान पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। दुकान की हालत देख वे अपने आंसू नहीं रोक पाए।
उन्होंने हाल ही में सर्दी के सीजन का माल भरवाया था। उनके अनुसार लगभग एक करोड़ रुपये का नुकसान है। परिवार के अन्य सदस्यों की भी बुरा हाल है। विमल कुमार का कहना है कि इस हादसे में उन्होंने अपना सबकुछ गंवा दिया है। एसएचओ सासनी अवधेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।