मेला श्री दाऊजी महाराज पंडाल के काका हाथरसी मंच पर रात दो बजे तक लाफ्टर शो में हास्य कलाकार, गायकार, डांसरों ने धूम मचाई। चुटकुलों पर लोग खूब हंसे और तालियां व सीटी बजाकर दर्शकों ने कलाकारों की हौसलाअफजाई की। मेला पंडाल में लाफ्टर शो कार्यक्रम देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम की शुरूआत डीएम अमित कुमार सिंह ने फीता काट व दीप प्रज्ज्वलित करके की।
सबसे पहले गायकार ममता माल्या ने दाऊ वंदना की। उन्होंने हरियाणवी गाने गाए तो लोग अपनी जगह पर खड़े होकर नाचने लगे। ग्रुप डांसर्स ने गणेश वंदना की शानदार प्रस्तुति दी। हरियाणवी गायकार राधेश्याम राधे ने ओ गोरिए गोली चल जाएगी... गीत गाया तो लोग जमकर झूमे। जान लेेके मानेगी..., मेरे यार की बारात सहित कई हरियाणवी गाने गाकर उन्होंने धूम मचा दी। नन्ने कलाकार निष्कर्ष ने महिला कलाकार के वेष में फिल्मी गीतों पर डांस कर धमाल मचा दिया। हर दर्शक ने निष्कर्ष के डांस की सराहना की।
लाफ्टर कलाकार प्रताप फौजदार जब मंच पर आए तो लोगों ने उनका खूब अभिनंदन किया। प्रताप फौजदार ने जब चुटकुला सुनाते हुए कहा कि पीएम मोदी को रात 12 बजे सुनने से लोग डरते हैं। सब यही सोचते हैं कि वह क्या बोल देंगे। पीएम मोदी यदि नोटबंदी की तरह ही यह कह दें कि आज रात से घरों में रखा सारा सोना लोहा माना जाएगा तो सोचो क्या होगा। इसी तरह प्रताप फौजदार ने दर्जनों चुटकुले सुनाकर लोगों को खूब गुदगुदाया। लाफ्टर अनिल जूनियर राजा रेंचो ने डोनल डक और रेंचों सहित कई तरह की आवाज निकाल कर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। हास्य कलाकार लटूरी लट्ठ न भी चुटकुलों से लोगों को खूब हंसाया। अन्य ग्रुप कलाकारों ने भी गीत व डांस से लोगों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक हरीशंकर माहौर, जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार, धीरेंद्र चौहान, डॉ. उमाशंकर शर्मा, रवेंद्र सेंगर, अनिल शर्मा, पवन तिवारी, मुकेश गुप्ता, राजीव सेंगर, राजेंद्र तिवारी, शरद सेंगर, शरद सिंघल, प्रकाश चंद्र, अनिल कुमार, धीरेंद्र अग्रवाल, रवि गहलौत सहित काफी लोग शामिल थे। कार्यक्रम संयोजक सोनवीर चौधरी ने डीएम, भाजपा जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार सहित अन्य अतिथियों का विशाला माला व प्रतीक चिन्ह भेंट कर जोशीला स्वागत किया।