मेला श्रीदाऊजी महाराज के अखिल भारतीय महाबली कुश्ती दंगल के आखिरी दिन पांच भारत केसरी एवं 12 से ज्यादा महिला पहलवानों की कुश्ती हुईं। इन कुश्तियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी देर रात तक दंगल स्टेडियम में जमे रहे। दंगल संयोजकों ने 21 हजार से 51 हजार रुपये तक की दर्जनों ईनामी कुश्तियां कराकर भीड़ को गदगद कर दिया।
दंगल में पहली गोल्ड मेडलिस्ट महिला पहलवानों के बीच एक से बढ़कर एक कुश्ती गद्दों पर कराई गई। यह कुश्ती अंकों के आधार पर हुईं, जिसमें महिला पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव-पेच दिखाए। इन कुश्तियों को देखकर लोग रोमांचित हो उठे। इन सभी विजेता महिला पहलवानों को दंगल संयोजकों ने तत्काल पुरस्कार दिए। महिला पहलवानों की कुश्ती में अंकों के आधार पर महिला पहलवान विनीता, स्नेहलता चौधरी, सुषमा, काजल चौधरी, कीर्ति, इंद्रा चौधरी अंजली और सोनिया ने अपनी प्रतिद्वंद्वी पहलवानों को पराजित किया। रेफरी के रूप में संतोष कुमारी पहलवान हरियाणा रहीं। उन्होंने महिला पहलवानों की कुश्तियों में निर्णय दिया, जबकि कोच व पहलवान अनिल शर्मा ने पुरुष पहलवानों को अंकों के आधार पर विजेता घोषित किया।
आखिरी दिन मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह एवं दंगल फिल्म की आइकन पहलवान गीता फोगाट ने कुश्ती देखने आए लोगों का अभिवादन किया। दंगल संयोजक हरीशंकर राना उर्फ भूरा पहलवान, दंगल संरक्षक आशीष शर्मा, मुख्य व्यवस्थापक ब्लॉक प्रमुख हाथरस अमर सिंह पांडेय, जिला उपाध्यक्ष गौरव आर्य, रामवीर सिंह भैयाजी, ललित शर्मा लब्बू आदि दंगल कमेटी के सदस्यों ने अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।
अंतिम दिन भोला पहलवान अखाड़ा चांद खां दिल्ली और प्रदीप पहलवान पटियाला की 51 हजार रुपये की कुश्ती बराबर रही। मंजीत पहलवान सोनीपत और मुरारी पहलवान मथुरा की 71 हजार रुपये की ईनामी कुश्ती बराबर रही। अमित पहलवान रोहतक ओर रवि पहलवान पंजाब की कुश्ती में अमित ने रवि को चित कर 61 हजार रुपये की ईनामी कुश्ती जीत ली।
21 हजार रुपये की ईनामी कुश्ती रोहित पहलवान बहादुरगढ़ हरियाणा ने नीरज पहलवान अखाड़ा गुरु हनुमान दिल्ली को पछाड़कर जीती। 51 हजार की कुश्ती हरिओम पहलवान ने कालू पहलवान को पछाड़कर जीती। इसके बाद चौथे नंबर की एक लाख की कुश्ती रामेश्वर पहलवान हाथरस और परमेंद्र सिंह बहादुरगढ़ के बीच हुई, जो कश्मकश के बाद बराबर रही। तीसरे नंबर की कुश्ती एक बुर्ज और 2.51 हजार रुपये की हितेश पहलवान भारत केसरी और बृज केसरी देवेंद्र के बीच हुई, जो कश्मकश के बाद बराबरी पर छूटी। 5 लाख इक्यावन हजार और एक बुर्ज मेडल, प्रशस्ति पत्र की कुश्ती भारत केसरी हरिकेश पहलवान हाथरस और मौसम खत्री के बीच हुई, जो बराबर रही। मेला की अंतिम कुश्ती 5.51 लाख, एक बुर्ज, एक मेडल, एक प्रशस्ति पत्र और एक इकलाई रखी।
इस कुश्ती के आर-पार होने पर महिंद्रा मोटर साइकिल के लिए भारत केसरी सतेंद्र भुवरिया ओर भारत केसरी नासिर अखाड़ा गुरु हनुमान दिल्ली के बीच हुई, लेकिन यह कुश्ती काफी कश्मकश के बाद बराबर रही। दंगल में रेफरी दाऊजी उस्ताद दिन्ना पहलवान, मुकेश पहलवान, विमल प्रधान, अनुज गुप्ता, विवेक गुप्ता, मुकुल उपाध्याय, ललित शर्मा, लब्बू पंडित, संजय सक्सेना, विपुल सिंघानिया, मोहन पंडित, सुनीत आर्य, मुकेश कौशिक, दिलीप चौधरी, जितेंद्र शर्मा, अजय सक्सेना, गगन राना, गोविंद राना, सुमित शर्मा आदि रहे।