चोरी की घटना के बाद पीएचसी का निरीक्षण करते सीएचसी प्रभारी। संवाद
- फोटो : Samvad
चोरों ने सोमवार की रात को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौमरी खिटौली के गेट की कुंडी का ताला काटकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
सूचना पाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डाॅ. दलवीर सिंह रावत भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। उन्होंने घटना की जानकारी सीएमओ को दी। पीएचसी के चिकित्सक ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दे दी है। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि चोरों ने तीसरी बार इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अपना निशाना बनाया है।
सोमवार की रात को चोर पीएचसी के मुख्य दरवाजे की कुंडी का ताला काटकर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने अन्य कमरों की कुंडी काटकर वहां से इत्मीनान से सामान चोरी किया। किसी को इसकी भनक नहीं लगी। चोर यहां से एक फ्रिज, एक एसी, दो बैटरी, दो रूम हीटर और अन्य जरूरी सामान चोरी कर ले गए। इसकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
सुबह जब पीएचसी के चिकित्सक डॉ. आनंद माहौर और अन्य कर्मचारी ड्यूटी पर आए तो गेट की कुंडी कटी देखकर वह सकते में आ गए। उन्होंने इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों और पुलिस को दी।