सासनी क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते सीडीपीओ।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। डीएम के निर्देशों पर डीपीओ और सीडीपीओ ने सोमवार को 18 आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आठ आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चे नहीं मिले। वही तीन केंद्रों पर ताला लटका मिला। इसे लेकर 14 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय काटते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं मुख्य सेविका से भी स्पष्टीकरण तलब किया है।
जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। तमाम कार्रवाईयों के बाद भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का काम करने का रवैया सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। यह खुलासा सोमवार को डीपीओ और सीडीपीओ के 18 केंद्रों के निरीक्षण के दौरान खुलकर सामने आया है। सीडीपीओ धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने हाथरस देहात क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र हरिपुरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गैर हाजिर मिली। वहीं, साप्ताहिक पोषाहार वितरण दिवस होने के कारण सरकारी योजना का लाभ लाभार्थियों तक न पहुंचाने के कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक माह का मानदेय काटने के निर्देश दिए। वही दो केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति दो और तीन मिली।
इस संबंध में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ क्षेत्रीय मुख्य सेविका से भी स्पष्टीकरण तलब किया है। मौके पर आंगनबाड़ी केंद्र नगला खान, गंगचौली, गुलरिया, खरबा, जाफराबाद, चिंतापुर बदन का निरीक्षण किया। इस क्रम में डीपीओ धर्मेंद्र कुमार कुलश्रेष्ठ व सीडीपीओ योगेंद्र सिंह ने सहपऊ क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मढा पिथू द्वितीय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सोनी देवी गैरहाजिर मिली और केंद्र पर बच्चे भी नदारद मिले। मढ़ाभोज में भी बच्चे मौके पर नहीं मिले।
थरौरा प्रथम में सहायिका श्याम देवी गैरहाजिर मिली और केंद्र पर बच्चे नदारद मिले। थरौरा द्वितीय व तृतीय में भी बच्चे नहीं मिले और थरौरा तृतीय में आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमन गैरहाजिर मिली। बुढाइच प्रथम, द्वितीय, तृतीय पर कोई भी लाभार्थी नहीं मिला। नगला मेवा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पकंज गैरहाजिर मिली और केंद्र 11 बजे ही बंद कर दिया गया था। नगला सलेम प्रथम, द्वितीय केंद्र 11.30 बंद पाए गए। इस मौके पर 5 आंगनबाड़ी और सहायिका का मानदेय काटने के साथ स्पष्टीकरण तलब किया है। बच्चे न मिलने वाले सभी केंद्रों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से स्पष्टीकरण तलब किया।