हर साल मेला परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थानों का चयन कर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाते थे, लेकिन इस साल पुलिस व प्रशासन की ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। यही कारण है कि मेला परिसर में मंगलवार तक सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाए जा सके थे। हालांकि सीसीटीवी लगाने ठेकेदार ने परिसर में कुल 65 कैमरे लगाने की योजना बनाई है।
गणेश पूजन के साथ प्राचीर पर लगेगा ध्वज
मेला श्रीदाऊजी महाराज का शुभारंभ बुधवार को गणेश पूजन के साथ होगा। मंदिर श्रीदाऊजी महाराज परिसर में सुबह गणेश पूजन किया जाएगा। 11:45 बजे से 1:30 बजे तक दाऊजी महाराज की मनमोहक झांकी के दर्शन होंगे। मुख्य अतिथियों द्वारा मंदिर की ध्वज के साथ परिक्रमा की जाएगी और ध्वज को मंदिर की प्राचीर पर स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर बच्चों को लड्डुओं का वितरण किया जाएगा।
मेला श्रीदाऊजी महाराज में इस साल भी भगवा का बोलबाला है। हर जगह भगवा रंग दिखाई दे रहा है। परिसर में तमाम जगहों को भगवा रंग से पेंट किया गया है। मेला पंडाल के साथ अन्य जगहों पर लगाए गए टेंट में भी भगवा रंग का प्रयोग किया गया है। कुल मिलाकर इस साल का मेला पूरी तरह भगवा रंग में डूबा हुआ है।
गोपालजी मंदिर में न पुताई कराई, न मरम्मत
दाऊजी मेला परिसर में गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या तक पेंट का कार्य पूरा नहीं हो सका था। मंदिर परिसर के कई हिस्सों में तो पेंट कराया ही नहीं गया है। गोपाल जी मंदिर के सेवायत पवन वशिष्ठ ने बताया कि मंदिर के अंदर का पेंट उन्हें खुद कराना पड़ा है, जबकि बाहर का पेंट भी अभी तक नहीं किया गया है। इसके अलावा कई अन्य जगह भी पेंट की गुणवत्ता काफी खराब है।