मुरसान रोड कलक्ट्रेट के निकट डीएसओ की गाड़ी ने बाइक सवार तीन मजदूरों को रौंद दिया। जबरदस्त हादसे में मुरसान के गांव कथरिया के रामप्रसाद (58) की आगरा ले जाते समय मृत्यु हो गई। दो मजदूरों का इलाज चल रहा है। हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
रामप्रसाद अपने साले रामगोपाल निवासी मिरगामई, मेंडू व गांव के ही बनवारी के साथ बृहस्पतिवार की देर शाम बाइक से हाथरस आ रहे थे। रामगोपाल फिलहाल कांशीराम टाउनशिप में रहते हैं और यहीं पास में निर्माण कार्य चल रहा था। तीनों वहीं मजदूरी कर रहे थे। रामप्रसाद के बेटे ओमवीर ने बताया कि तीनों ठेकेदार से मजदूरी के रुपये लेने के लिए हाथरस जा रहे थे। रास्ते में सरपंच ढाबे के निकट पीछे से आई सरकारी गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में रामप्रसाद व बनवारी के गंभीर चोट आईं। रामगोपाल के भी चोट थी। बताते हैं कि एआरओ की गाड़ी से घायलों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया। जानकारी पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर रामप्रसाद को आगरा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। रामप्रसाद के चार बेटे हैं। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।