जिले में युवा मतदाता ही इस विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की किस्मत का ताला खोलेंगे। जिले में तीनों विधानसभाओं में युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ी हैं, जोकि मतदान करने में तो अग्रणी रहेंगे ही, प्रत्याशियों की हार-जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिले में तैयार की गई तीनों विधानसभाओं की सूची पर नजर डालें तो फर्स्ट टाइम वोटर्स की संख्या में सादाबाद विधानसभा सबसे आगे है। यहां 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 11,084 है, जबकि दूसरे नंबर पर हाथरस विधानसभा में 6,968 एवं सिकंदराराऊ में यह संख्या 6,896 हैं।
इसके साथ ही 20 से 29 वर्ष की आयु वाले मतदाताओं की संख्या में विधानसभा हाथरस आगे हैं। इस विधानसभा में इस आयु वर्ग के 1,09,081 मतदाता हैं, जबकि विधानसभा सादाबाद में इन आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 96,215 एवं सिकंदराराऊ में 99,935 है।
इससे आगे 30 से 39 वर्ष के आयु वर्ग में भी हाथरस विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 97,439, विधानसभा सादाबाद में 83,268 एवं सिकंदराराऊ में इन मतदाताओं की संख्या 86,400 है, जिससे साफ है कि विधानसभा चुनाव में युवा मतदाता जिस प्रत्याशी के पक्ष में एकजुट होकर मतदान कर देंगे, बाजी उसकी तरफ ही पलट जाएगी।
यह संख्या किसी भी विधानसभा में जीत तय करने के लिए पर्याप्त है, क्योंकि इस बार विधानसभा चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले होने की संभावना पैदा हो रही है।