संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कानुपर के बिकरू कांड को लेकर कोतवाली पुलिस एक्शन में आ गई है। पुलिस के दबाव के कारण गैंगस्टर एक्ट के दो वांछितों ने अदालत में सरेंडर कर दिया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं कई फरार वारंटियों के घर नोटिस चस्पा कर दिया है।
बता दें कि पप्पू पुत्र कल्लू निवासी कसबा पुरदिलनगर के खिलाफ लगातार अपराध करने के कारण कोतवाली पुलिस ने कुछ दिन पूर्व गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी। इसी प्रकार श्रीपाल निवासी हसायन कोतवाली के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी। काफी दिनों से दोनों फरार चल रहे थे। कानुपर मुठभेड़ के बाद पुलिस तेजी से इनकी तलाश करने लगी। कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि पप्पू तथा श्रीपाल दोनों ने हाथरस अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया जहां से अदालत से इन्हें जेल भेज दिया है। इसी प्रकार कोतवाली के गांव गढ़िया में गत माह हुए भंयकर झगड़े के बाद गांव निवासी होरी लाल, हरिकेश, इंद्रजीत, राकेश उर्फ रामकेश, समरजीत, सोनू, सत्येंद्र आदि के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। तब से अब तक ये फरार चल रहे थे। इन सभी के खिलाफ पुलिस ने अदालत से गिरफ्तारी वारंट लेकर उनके घर पर चस्पा कर दिया है।