शहर में लीकेज व गंदे पानी की समस्या को लेकर प्रशासन अब चेत गया है। शनिवार को सीडीओ के निरीक्षण के बाद रविवार को अवकाश वाले दिन भी जलकल विभाग के कर्मचारी शहर में दौड़ते नजर आए। कहीं जेसीबी चली तो कहीं नाले-नालियों के पास से हाउस कनेक्शन हटाए गए।
जलकल विभाग के जेई हर्षवर्धन ने बताया है कि रविवार की सुबह से ही कर्मचारी कार्य में जुटे रहे। सादाबाद गेट अंगूमल धर्मशाला के सामने लीकेज ढूंढने के लिए जेसीबी से गड्ढ़ा किया। यहां गड्ढे में भरे पानी को मशीनों से निकाला गया। इसके बाद लीकेज की तलाशी की गई। सर्कुलर रोड पर सबसे अधिक शिकायतें थीं। कर्मचारियों ने चार घरों के वाटर कनेक्शन हटाए, जो नालियों से होकर जा रहे थे। वैष्णो एन्कलेव पर एक पाइपलाइन की मरम्मत की गई। यहां काफी समय से पानी भर रहा था। धीरे-धीरे लीकेज की समस्या दूर कराई जा रही है। यह काम लगातार चलेगा, जिससे गंदा पानी न आए और लोगों को स्वच्छ जल मिले।