बिजली की बढ़ी दरों के विरोध में सात अगस्त को सादाबाद के छाबी मियां के बाग में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौ. जयंत की विशाल जनसभा होगी। जनसभा के जरिए ‘पोल खोल धावा बोल’ अभियान को गति प्रदान की जाएगी। जनसभा को सफल बनाने के लिए मंगलवार को यहां आए पार्टी के जिला प्रभारी डॉ. अशोक अग्रवाल ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की तैयारियों की समीक्षा की।
जिला प्रभारी ने बताया कि बिजली की दरें 260 से 350 फीसदी तक बढ़ा दी गई हैं। इससे आम आदमी की कमर टूट चुकी है। जो लोग फ्री कनेक्शन ले रहे हैं, उनसे पुराना बकाया वसूलने के नाम पर सख्ती दिखाई जा रही है। निर्दोष लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की झूठी एफआईआर दर्ज कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सादाबाद में होने वाली यह जनसभा एतिहासिक होगी।
जनसभा मे सिर्फ जिले के ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के रालोद पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। पश्चिमी यूपी के अध्यक्ष डॉ. अनिल चौधरी, प्रदेश महासचिव गुड्डू चौधरी और जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक गेंदालाल चौधरी ने बताया कि जनसभा की सफलता के बाद 13 अगस्त को 33/11 केवीए सबस्टेशनों का घेराव किया जाएगा। इसके लिए प्रभारी भी तय कर दिए गए हैं। बिजली व्यवस्था से परेशान लोग इस घेराव में सहभागिता कर सकते हैं।
जो भी लोग इस पोल खोल धावा बोल अभियान से जुडना चाहते हैं वह 8826144644 पर मिस कॉल कर सकते हैं। पदाधिकारियों ने बताया कि जनसभा में अधिकाधिक भीड़ जुटाने के लिए गांव गांव सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दे दी गई है। वाहन व्यवस्था भी हर गांव में कर दी गई है। इस मौके पर ईशान चौधरी, दीपू चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, केशव चौधरी, देवेंद्र सिंह, बहादुर सिंह, सचिन पचहरा, नरेश पौनियां, लल्लन, राधाचरन पहलवान, हरिपाल सिंह, रमेश चौधरी, श्यामवीर सिंह, विक्रम सिंह, पुष्पेंद्र सिंह आदि थे।
----------