सादाबाद में बिसावर के एसबीजे इंटर कॉलेज के निकट 14 फरवरी को वीर गोकुला जाट की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी प्रतिमा का अनावरण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा को सफल बनाने के लिए 13 फरवरी को रालोद के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी।
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार जयंत चौधरी सुबह साढ़े 11 बजे बुलंदशहर से सादाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे। करीब सवा बजे वह बिसावर पहुंचेगे। करीब एक घंटे बाद वह बिसावर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। विधायक गुड्डू चौधरी व रालोद के वरिष्ठ नेता गिरेंद्र चौधरी ने बताया कि काफी बड़ा मंच तैयार किया गया हैै। इसके अलावा पंडाल में करीब 15 हजार कुर्सियों की व्यवस्था भी की गई है। जनसभा एतिहासिक होगी। हाथरस जिले से ही नहीं, बल्कि मथुरा, आगरा, अलीगढ़ सहित कई अन्य जिलों के लोग भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
उन्होंने बताया कि जनसभा में हजारों की भीड़ आने की संभावना है। गांव-गांव में वाहनों को लगाया गया है, जिससे लोग सुगमता पूर्वक सभा स्थल तक पहुंच सकें। मंच व्यवस्था के दौरान जिपं सदस्य सुआ पहलवान, महीपाल सिंह, दीपू चौधरी, यथार्थ चौधरी आदि मौजूद रहे।